चार साल बाद भी इंसाफ का इंतजार… उत्तराखंड की बेटी अंकिता के लिए फिर उठी आवाज, भाजपा सरकार पर कांग्रेस का हमला।
सलीम अहमद साहिल
उत्तराखंड का बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड भले ही चार साल पुराना हो चुका हो, लेकिन इस दर्द की टीस आज भी उत्तराखंड के लोगों के दिलों में जिंदा है। बेटी अंकिता भंडारी के लिए आज भी उठती है आखिर कब मिलेगा अंकिता को इंसाफ?
18 सितंबर 2022… वो तारीख, जिसने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया था। आज इस हत्याकांड को चार वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन अंकिता के माता-पिता की आंखों में बेटी को इंसाफ मिलने का इंतजार आज भी कायम है। इसी दर्द और न्याय की मांग को लेकर रामनगर में महिला कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

नगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस ललिता उपाध्याय के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रानीखेत रोड रामनगर में जोरदार प्रदर्शन किया और राज्य की भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।
ललिता उपाध्याय ने आरोप लगाया कि चार वर्ष बीत जाने के बाद भी अंकिता के माता-पिता और उत्तराखंड की जनता के मन में कई गंभीर सवाल आज भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वह वीआईपी कौन था, जिसके नाम का जिक्र लगातार सामने आने की बात कही जाती रही, लेकिन आज तक उसका नाम सार्वजनिक क्यों नहीं हुआ?
कांग्रेस ने यह भी सवाल उठाया कि रिजॉर्ट पर रातों-रात बुलडोजर चलाने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या इससे जांच से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों पर सवाल नहीं खड़े होते? महिला कांग्रेस ने कहा कि जब तक अंकिता हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक न्याय की आवाज दबने वाली नहीं है।
ब्लॉक अध्यक्ष महिला कांग्रेस रामनगर ऊषा जोशी ने कहा कि अंकिता केवल एक परिवार की बेटी नहीं थी, बल्कि पूरे उत्तराखंड की बेटी थी। उन्होंने कहा कि जब तक अंकिता और उसके परिवार को न्याय नहीं मिलता और पूरी सच्चाई सामने नहीं आती, कांग्रेस की आवाज लगातार उठती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
चार साल गुजर गए…
लेकिन सवाल आज भी वही है—अंकिता को इंसाफ कब मिलेगा?
एक बेटी चली गई, लेकिन उसके माता-पिता की आंखों का इंतजार आज भी खत्म नहीं हुआ। उत्तराखंड की जनता के जेहन में सवाल आज भी जिंदा हैं और कांग्रेस इन्हीं सवालों को लेकर सरकार से जवाब मांग रही है।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष महिला कांग्रेस बीना रावत, सतेश्वरी रावत, पूर्व सभासद विमला आर्या, ममता आर्या, काजल आर्या, शीतल नैनवाल, दीक्षा आर्या, वर्षा शर्मा, सुनीता गुसाई, पूजा आर्या, दिशा शर्मा, पूजा ताड़ियाल, भावना डंगवाल, कुसुम गुसाई, पदमा रावत, भावना सती, किरन, दुर्गा कश्यप, नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष देशबंधु रावत, अनिल अग्रवाल खुलासा भुवन पाण्डेय, आदि मौजूद रहे।



