संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, रैली निकालकर दिया जागरूकता का संदेश, 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, 12 अक्टूबर से घर-घर दस्तक देकर लोगों को किया जाएगा जागरूक
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली : अक्टूबर माह में संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने 300 बेड हॉस्पिटल से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 31 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई जैसे कार्य किए जाएंगे।
स्वास्थ्य एवं आईसीडीएस विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। वहीं शिक्षा, कृषि, पशुपालन समेत अन्य विभाग भी जनजागरूकता अभियान में सहयोग करेंगे। अभियान के तहत लोगों को साफ-सफाई रखने, मच्छरों की रोकथाम और संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
इस दौरान 300 बेड हॉस्पिटल के अधीक्षक, एसएमओ डब्ल्यूएचओ, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, मंडलीय सर्विलांस अधिकारी, नोडल एनयूएचएम, जिला मलेरिया अधिकारी, सहायक मलेरिया अधिकारी, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक, मलेरिया निरीक्षक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



