दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: ऊंचाहार और रायबरेली में मिलावटी सामग्री सीज व नष्ट
नरेंद्र त्रिपाठी रायबरेली
दीपावली के पावन पर्व के दृष्टिगत आमजनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी महोदया, रायबरेली के आदेशों एवं सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मानिक चन्द्र सिंह के कुशल निर्देशन में 31 अक्टूबर 2026 को एक विशेष अभियान चलाकर विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री सीज करने के साथ ही अमानक सामग्री को नष्ट कराया गया।
अभियान के पहले चरण में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मानिक चन्द्र सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार त्रिपाठी एवं उदय राज मौर्य की संयुक्त टीम ने किशुनपुर ऊंचाहार स्थित चेतन किराना स्टोर (संचालक: धर्मेश) के प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान गुणवत्ता की परख के लिए जीरा का 01 नमूना संग्रहीत किया गया और कुल 179 किलोग्राम जीरा (बाजार मूल्य 44,750/- रुपये) तथा मटर दाल का 01 नमूना लेते हुए 656 किलोग्राम मटर दाल (बाजार मूल्य 39,360/- रुपये) को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। जब्त की गई सामग्री को आगामी विधिक कार्रवाई तक खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
कार्रवाई के दूसरे चरण में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचनलता तिवारी एवं सुमांशु सचान की टीम ने ग्राम अघौरा, रायबरेली स्थित धीरेन्द्र स्वीट्स और बबलू स्वीट्स का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसरों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जहां डीप फ्रीजर के भीतर लगभग 150 किलोग्राम खोया और 25 किलोग्राम पनीर अत्यंत अनहाईजीनिक (अस्वच्छ) परिस्थितियों में रखे हुए मिले। दोनों संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए संग्रहीत किए गए हैं। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शेष बचे लगभग 149 किलोग्राम खोया (मूल्य 44,700/- रुपये) और 24 किलोग्राम पनीर (मूल्य 8,400/- रुपये) को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। साथ ही, प्रतिष्ठानों में पाई गई गंभीर कमियों के मद्देनजर सुधार नोटिस जारी करने के लिए संस्तुति भी कर दी गई है।
