जिला महिला अस्पताल बिना फायर एनओसी के हो रहा संचालित, ऑडिट में सामने आई थी कमियां, सुधार के लिए विभागीय स्तर पर कवायद तेज, सीएमएस ने कही ये बात
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली: जिले का महिला अस्पताल बिना फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के संचालित होने का मामला सामने आया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में आग से बचाव के मानकों में कमी ऑडिट के दौरान चिन्हित की गई थी।
इस संबंध में जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. त्रिभुवन सिंह ने बताया कि फायर सेफ्टी ऑडिट में जो भी गैप सामने आए थे, उन्हें दूर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए इलेक्ट्रिकल कार्यों के सुधार हेतु एई (सहायक अभियंता) को नियुक्त किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि आवश्यक कार्यों को पूरा कराने के लिए एई की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद सभी कमियों को दूर कर फायर एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
फिलहाल बिना फायर एनओसी के अस्पताल का संचालन जारी रहना न केवल नियमों के उल्लंघन की ओर इशारा करता है, बल्कि मरीजों और स्टाफ की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर स्थिति को सुधारने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं, लेकिन जब तक सभी मानकों को पूरा कर एनओसी प्राप्त नहीं हो जाती, तब तक जोखिम पूरी तरह टला नहीं माना जा सकता।



