रामनगर में गरजी कांग्रेस, रणजीत सिंह रावत बोले — जनता महंगाई से त्रस्त, भाजपा सरकार मस्त। देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल।
सलीम अहमद साहिल
देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। पेट्रोल, डीजल, घरेलू गैस सिलेंडर और कमर्शियल सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों ने जनता की रसोई से लेकर सड़कों तक महंगाई का ऐसा तड़का लगाया है कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए रोजमर्रा का जीवन चलाना मुश्किल होता जा रहा है। बढ़ती महंगाई के विरोध में रविवार को रामनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।
रामनगर में पूर्व विधायक रणजीत रावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता रानीखेत रोड पर एकत्र हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे। इस दौरान “डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतें वापस लो”, “बहुत हुई महंगाई की मार, बस करो भाजपा सरकार”, “भाजपा सरकार का रसोई पर वार” और “नहीं चाहिए अच्छे दिन, हमें लौटा दो पुराने दिन” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है। पूर्व विधायक रणजीत रावत ने कहा कि भाजपा ने देशवासियों से अच्छे दिनों का वादा किया था, लेकिन आज आम आदमी महंगाई की मार से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, खाद्य तेल और अन्य जरूरी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का जीवन बेहद कठिन हो गया है।

रणजीत रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री लोगों से पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने और सोना कम खरीदने की अपील कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि सरकार ने जनता की क्रय शक्ति ही खत्म कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की अर्थव्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है और रुपया गिरावट की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल दिखावटी राजनीति कर रही है। मंत्री साइकिल और पैदल चलने का प्रदर्शन करते हैं, लेकिन उनके पीछे सरकारी गाड़ियों का लंबा काफिला चलता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि कई देशों ने विपरीत हालातों में भी पेट्रोल-डीजल के दाम कम किए हैं, लेकिन भारत में लगातार जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी आने वाले दिनों में और बड़ा जनआंदोलन करेगी।
इस दौरान नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष देशबंधु रावत, ब्लॉक अध्यक्ष मालधन ओम प्रकाश, अनिल अग्रवाल खुलासा, नगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस ललिता उपाध्याय, दीप्ति भारद्वाज, ममता आर्या, भुवन पाण्डेय, गिरधारी लाल, महेन्द्र आर्या, लीलाधर जोशी, दरवान सिंह रावत, भोपाल बिष्ट, ओम प्रकाश आर्यवंशी, भोपाल राम, उमाकांत ध्यानी, धाराबल्लभ पाण्डेय, रमेश पंडित, ओमपाल चौधरी, महेन्द्र सिंह मनराल, जावेद खान, चाँद खान, कन्नू जोशी, गुड्डू जोशी, संजय शेखर, सोनू अली, डूंगर सिंह कनवाल, एन डी पंत, नजाकत अली, अजय कुमार, मानव शेखर, मो. आनस, धीरज मौलिखी, कैलाश त्रिपाठी, मो. सोएब, प्रेम जैन, महेश पाण्डेय, वीरेंद्र लटवाल, पंकज सुयाल, मोहसिन खान, आफाक हुसैन, सुमित तिवारी, वीरेंद्र तिवारी, कमल नेगी आदि मौजूद रहे।



