लापरवाही पर भारी ‘खाकी और प्रशासन’ का पहरा: लखनऊ अग्निकांड के बाद अमरोहा में बड़ा एक्शन, खुद मोर्चे पर उतरे कप्तान और DM
अज़हर मलिक
लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड की दर्दनाक घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए अमरोहा का जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। बच्चों के भविष्य और उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संस्थान अब सीधे रडार पर हैं। इसी कड़ी में आज अमरोहा के पुलिस अधीक्षक श्री लखन सिंह यादव और जिलाधिकारी श्री नितिन गौड़ खुद जमीनी धरातल पर उतरे और संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण कर हड़कंप मचा दिया।
दोनों आला अधिकारियों ने कोचिंग सेंटरों के चप्पे-चप्पे को खंगाला और वहां मौजूद अग्नि सुरक्षा उपकरणों (Fire Safety Equipment) से लेकर आपातकालीन निकास (Emergency Exit) तक की बेहद बारीकी से जांच की। अधिकारियों का यह कड़ा रुख साफ बयां कर रहा था कि मासूम छात्रों की जिंदगी की कीमत पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी ने संस्थान संचालकों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और स्पष्ट किया कि यदि सुरक्षा मानकों में रत्ती भर भी कमी पाई गई, तो सीधे सीलिंग और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अमरोहा प्रशासन की इस त्वरित और गंभीर कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर मुस्तैदी से काम कर रही है। अधिकारियों के इस औचक एक्शन से जहां नियमों को ताक पर रखने वाले संचालकों में हड़कंप मच गया है, वहीं अभिभावकों और आम जनता ने प्रशासन की इस सजगता की जमकर सराहना की है।



