बलिया में आपसी कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष! थमनपुरा गांव में युवक को मारी चाकू, हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर
बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मामूली आपसी विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। थमनपुरा गांव में बेखौफ बदमाशों ने ऋषिकेश दुबे नाम के एक युवक पर ताबड़तोड़ चाकूबाजी कर दी। अचानक हुए इस जानलेवा हमले से इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में लहूलुहान पड़े युवक को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के उच्च केंद्र रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन जांच शुरू कर दी। परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मुख्य आरोपी अभिषेक पासवान को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है। पुलिस फिलहाल हिरासत में लिए गए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि विवाद की असली वजह का पता लगाया जा सके। मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर अजय कुमार ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।


