रंगदारी और अवैध वसूली का मामला आया सामने, फर्जी केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी का आरोप
रामनगर (नैनीताल)। पुलिस चौकी मालधन क्षेत्र अंतर्गत मालधन चौड़ निवासी दो अलग-अलग पीड़ितों ने आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर फर्जी मुकदमे में फंसाने, घर आकर जान से मारने की धमकी देने तथा रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है।
1. पहली शिकायत: बस संचालक से मोटी रकम ऐंठने के बाद अब पीड़ितों को फंसाने की साजिश
मालधन चौड़ नंबर 2 (तुमड़िया डाम 1) निवासी गुरमीत कौर पत्नी बट्टा सिंह ने चौकी प्रभारी मालधन को पत्र देकर बताया कि पूर्व में घटित एक सड़क दुर्घटना के बाद आरोपी रमेश सिंह (पुत्र प्रीतम सिंह) ने “कुंडा कोतवाली की मंडी चौकी “ पुलिस को शिकायती पत्र देकर बस संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया था। आरोपी ने बस संचालक पर दबाव बनाकर उससे मोटी रकम ऐंठ ली और उसके बाद मामला खत्म कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी अब इन निर्दोष लोगों को भी उसी केस में फंसाने की कोशिश कर रहा है, ताकि दबाव में आकर ये लोग भी उसे पैसे दे दें। आरोपी पुलिस को गुमराह करके मंडी चौकी का अनुचित लाभ उठाने और उसका मिसयूज करने में लगा हुआ है। आरोपी लगातार फोन करवाकर व घर आकर धमकी दे रहा है कि “जैसे बस वाले से मोटी रकम ऐंठी है, वैसे ही पैसे तुम भी दो, वरना इस एक्सीडेंट केस में पूरे परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दूंगा”।
2. दूसरी शिकायत: मंडी चौकी का मिसयूज कर रंगदारी वसूलने का प्रयास
इसी मामले में गुरदीप सिंह पुत्र स्व. रतन सिंह (निवासी मोहननगर, मालधन चौड़) ने भी मालधन चौकी प्रभारी को शिकायत पत्र सौंपा है। गुरदीप सिंह ने बताया कि एक्सीडेंट के समय पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लिया था, जिसके बाद बस मालिक द्वारा इलाज का खर्च उठाने व समझौता होने पर वाहन छूट गए थे। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी रमेश सिंह, दयाल सिंह (पुत्र इंदर सिंह) और गुरदेव सिंह उर्फ बब्बू (निवासी तुमड़िया डाम प्रथम) मंडी चौकी पुलिस को गुमराह कर उसका मिसयूज (दुरुपयोग) कर रहे हैं। ये आरोपी पुलिस का डर दिखाकर पीड़ितों को डरा-धमका रहे हैं, ताकि दबाव में आकर पीड़ित इन्हें पैसे दे दें। फर्जी मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर अवैध वसूली की मांग की जा रही है, जिससे पीड़ितों के परिवार में भारी भय का माहौल है।
दोनों पीड़ितों ने मालधन चौकी पुलिस से गुहार लगाई है कि पुलिस को गुमराह कर उसका मिसयूज करने, ब्लैकमेलिंग और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने वाले इन आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।



