H1N1 इन्फ्लुएंजा और सीजनल फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने की समीक्षा, स्वास्थ्य भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर प्रदेशभर के सीएमओ, सीएमएस और मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्यों से ली तैयारियों की जानकारी
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
लखनऊ : प्रदेश में H1N1 इन्फ्लुएंजा तथा सीजनल फ्लू की स्थिति को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। शनिवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य भवन में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ प्रदेश में फ्लू की मौजूदा स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की।
इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) तथा मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्यों से संवाद किया गया। अधिकारियों से उनके जिलों में H1N1 इन्फ्लुएंजा और सीजनल फ्लू के मामलों, मरीजों की संख्या, जांच, उपचार और अस्पतालों में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
बैठक में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों के लिए आवश्यक दवाओं, जांच सुविधाओं और उपचार व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फ्लू से संबंधित मामलों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
प्रदेश स्तर पर H1N1 इन्फ्लुएंजा और सीजनल फ्लू की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने जिला स्तर के अधिकारियों को सतर्क रहते हुए अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।



