बरेली के नवोदय अस्पताल में आग से हड़कंप, 30 से 40 मरीजों को सुरक्षित निकाला गया, शॉर्ट सर्किट की आशंका, बिना विभागीय सूचना के अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर चल रहा था निर्माण कार्य, आग की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, डिप्टी सीएमओ और सीएफओ ने मौके पर पहुंचकर की जांच
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली : इज्जतनगर क्षेत्र स्थित नवोदय अस्पताल में शनिवार सुबह करीब 10 बजे आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। आग अस्पताल की चौथी मंजिल पर बने एक बंद पड़े रेस्ट रूम में लगी। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के समय अस्पताल में करीब 30 से 40 मरीज भर्ती थे। आग और धुएं की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल प्रशासन और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एहतियातन कई मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सीमा, शुमायला, रामप्यारी, अभिषेक, अजय, योगेन्द्र और राजकुमार समेत अन्य मरीजों को सुरक्षित रूप से दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना पर डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद मौके पर पहुंचे और अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वहीं सीएफओ बरेली मनु शर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आग लगने के कारणों और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की पड़ताल की।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य की सूचना संबंधित विभागों को नहीं दी गई थी। आग की घटना के बाद अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्य और सुरक्षा मानकों को लेकर अब सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।



